43 उप निरीक्षक, 295 आरक्षी और 132 पीएसी आरक्षियों को मिलेगा नियुक्ति-पत्र; मुख्यमंत्री बोले—खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ रही सरकार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में खेलों को लेकर सकारात्मक और नई संस्कृति विकसित हुई है। मैदान में प्रतिभा का प्रदर्शन, उपलब्धि पर सम्मान और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्र सेवा का अवसर देना इस नई खेल संस्कृति की पहचान बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में प्रदेश में खिलाड़ियों की प्रतिभा की अपेक्षित कद्र नहीं होती थी, लेकिन वर्ष 2017 के बाद नई खेल नीति के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं।
470 खिलाड़ियों को मिलेगा नियुक्ति-पत्र
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि इसी खेल संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इनमें 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा के खुल रहे अवसर उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद हुए बदलाव की तस्वीर पेश करते हैं।
534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
टाइम्स ऑफ ताज डिस्क्लेमर: यह समाचार मुख्यमंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी और उपलब्ध विवरण के आधार पर तैयार किया गया है।
