आगरा, सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा में मंगलवार को 57वें आर्चबिशप डोमिनिक अथाइड मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। 13 से 15 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन कॉलेज के खेल मैदान में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा धर्मप्रान्त के आर्चबिशप डॉ. राफी मंजलि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक फादर इग्नेशियस मिरांडा, प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो, उपप्रधानाचार्य फादर कुलकंत, फादर लुईस खेस, हेडमिस्ट्रेस सिस्टर एन्सी, सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर सेंटियागो, सेंट फ्रांसिस हाईस्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर लीना तथा सिस्टर शर्ली सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आर्चबिशप डोमिनिक अथाइड के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। कॉलेज प्रबंधक फादर इग्नेशियस मिरांडा ने मुख्य अतिथि को पुष्प भेंट किए, जबकि प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो ने शॉल प्रदान कर उनका सम्मान किया।
मुख्य अतिथि आर्चबिशप डॉ. राफी मंजलि ने अपने संबोधन में कहा कि आज के विद्यार्थियों के कंधों पर राष्ट्र का भविष्य निर्भर है। खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने फुटबॉल को एक सुंदर खेल बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और जीवन में सामंजस्य बनाए रखने की सीख देता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और टूर्नामेंट का विधिवत शुभारम्भ किया।
उद्घाटन मैच में सेंट पीटर्स कॉलेज की शानदार जीत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट मेरी स्कूल के बीच खेला गया। इस मुकाबले में सेंट पीटर्स कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट मेरी स्कूल को 3-0 से पराजित कर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
तीन दिवसीय इस फुटबॉल टूर्नामेंट में विभिन्न विद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
— Times of Taj
