कुद्धीपुर मोड़ पर हुआ हादसा, घायल को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया; परिवार में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद/कायमगंज। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में नवाबगंज मार्ग पर कुद्धीपुर मोड़ के पास सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अंकुर राठौर की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर किया गया है।
कुद्धीपुर मोड़ के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कायमगंज क्षेत्र निवासी अंकुर राठौर पुत्र परम सिंह बाइक से नगला गुलरिया जा रहा था। इसी दौरान नवाबगंज मार्ग पर कुद्धीपुर मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कायमगंज पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने अंकुर राठौर को मृत घोषित किया
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने अंकुर राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बाइक चला रहा सुमित पुत्र कैलाश, निवासी शेखपुर खजुरी, थाना मोहम्मदाबाद, गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था अंकुर
मृतक के पिता परम सिंह ने बताया कि अंकुर गांव के ही एक युवक के साथ कारचोब का काम करता था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचीं मां सुशीला देवी, बहन साधना और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
उधर, घायल सुमित अपनी बहन सपना को बुलाने प्रेमनगर गांव जा रहा था। सपना कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रहती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। दरोगा वकील खान ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाददाता: तौफीक फारूकी
