केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद मनोज तिवारी और अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ हनुमान भजन क्लबिंग का आयोजन
नई दिल्ली। लालकिला मैदान में आयोजित लव-कुश रामलीला में हनुमान भजन क्लबिंग के दौरान श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोकप्रिय गायक सुनील लोधी और उनके बैंड की लाइव प्रस्तुति ने रामभक्तों को भक्ति और संगीत के रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में साज एंड प्रखर बैंड की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही मैदान में पहुंचने लगे थे।
लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि फिल्म हनुमान अंश के लोकप्रिय गायक सुनील लोधी और उनकी टीम की प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह था। शाम से ही मैदान में दर्शकों की भीड़ बढ़ने लगी और पूरा परिसर रामभक्ति के रंग में रंग गया।
राम राज्याभिषेक की लीला का हुआ मंचन
कार्यक्रम के दौरान लंका से माता सीता के अयोध्या आगमन, अग्नि परीक्षा, हनुमान-भरत संवाद और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक तक की लीला का मंचन किया गया। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज ने भगवान श्रीराम को तिलक लगाकर राज्याभिषेक की रस्म पूरी की।
इसके बाद हनुमान भजन क्लबिंग का आयोजन हुआ, जिसमें केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पुत्री स्वाति तथा फिल्म हनुमान अंश की निर्माता अनुप्रिया सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन पर झूमे श्रद्धालु
प्रसिद्ध एंकर काव्या कुल्हाड़ी ने लाइव हनुमान भजन क्लबिंग की शुरुआत की। मंच पर जैसे ही गायक सुनील लोधी अपनी टीम के साथ पहुंचे, पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘सागर नैया डार दई’ पर श्रद्धालुओं ने खूब उत्साह दिखाया। सुनील लोधी ने अपने कई लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद मशहूर पति-पत्नी की संगीत जोड़ी साज एंड प्रखर ने अपने बैंड के साथ भजनों को अनूठे अंदाज में पेश किया। संगीत और गायन की इस विशेष प्रस्तुति पर मैदान में मौजूद दर्शक झूमते और गाते नजर आए। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद मनोज तिवारी और स्वाति सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में भक्ति, संगीत और उत्साह का माहौल बना रहा।
गदा भेंट कर अतिथियों का किया सम्मान
लव-कुश रामलीला कमेटी की ओर से कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को शक्ति और साहस के प्रतीक भगवान श्री हनुमान की गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य भूषण जैन, अखिल सिंगल, अंकुर गोयल, सौरव गुप्ता, संदीप भूटानी, बृजमोहन गोयल, गौरव सुरी, प्रवीण सिंगल, संजय वर्मा, वीरू सिंधी और राजकुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लालकिला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम ने रामलीला के धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव को संगीत तथा भक्ति के विशेष संगम में बदल दिया।
