7 साल के बच्चों से लेकर 77 वर्षीय बुजुर्ग तक ने लिया हिस्सा, 14 फरवरी को होगा चौथा संस्करण

आगरा। मोहब्बत की नगरी आगरा में फिटनेस और खेलों के प्रति लोगों का उत्साह रविवार सुबह देखने को मिला, जब आगरा ताज हाफ मैराथन के चौथे संस्करण के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित पहली प्रोमो रन में 1500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। खेलगांव, दयालबाग से शुरू हुई 5 किलोमीटर की इस दौड़ में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और विदेश से आए प्रवासी भारतीयों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर फिटनेस का संदेश दिया।
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसेस (AIMS) और आगरा नगर निगम के सहयोग से आयोजित प्रोमो रन का शुभारंभ खेलगांव के ट्रस्टी उमेश चंद गुप्ता, मीरा गुप्ता और प्रबंधक दीपक मारू ने फीता काटकर तथा फ्लैग ऑफ करके किया। इस अवसर पर आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, उपाध्यक्ष संदीप ढल, उपाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता, आयोजन समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत और आयोजन सचिव गोपाल शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

7 साल के बच्चों से 77 वर्षीय बुजुर्ग तक ने दिखाया दम
प्रोमो रन में सबसे खास बात विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी रही। सात वर्षीय ऋतिक और प्रिशु से लेकर 77 वर्षीय डॉ. सरोज प्रशांत तक ने दौड़ में हिस्सा लिया। वहीं, म्यूनिख, जर्मनी से आए एनआरआई इंजीनियर विकास चौहान की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया।
दौड़ खेलगांव से पोइया घाट तक पहुंची और वहां से वापस खेलगांव लौटी। कुल पांच किलोमीटर के इस मार्ग पर धावकों का उत्साह देखते ही बनता था। दौड़ से पहले दीपक नेगी, रोटेरियन डॉ. आरती मेहरोत्रा और डॉ. सपना गोयल ने प्रतिभागियों को वार्म-अप कराया। ‘जय हो’ की धुन और ढोल-नगाड़ों के बीच धावकों ने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई।

‘रन विद लव’ होगी इस बार की थीम
आयोजकों के अनुसार, आगरा ताज हाफ मैराथन का चौथा संस्करण 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस बार की थीम ‘रन विद लव’ रखी गई है। इसका उद्देश्य मोहब्बत की नगरी आगरा से पूरी दुनिया को प्रेम, सद्भाव और स्वास्थ्य का संदेश देना तथा शहर को फिटनेस के प्रति जागरूक बनाना है।
आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही, आगरा को खेल और फिटनेस के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी मदद मिलती है।
आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में भरत सारस्वत, प्रदीप यादव, जय यादव, राज सिंह, एकेश्वर सिंह और गौरव गोयल सहित अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया। फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अशोक कुशवाह ने रजिस्ट्रेशन डेस्क की व्यवस्था संभाली। उमेश यादव और परमजीत ने रिफ्रेशमेंट की जिम्मेदारी निभाई।

रेस मार्शल गोपाल अग्रवाल, एनएस लोधी और महावीर तथा रूट मार्शल आवेग मित्तल, सर्वेश और कमलकांत ने दौड़ मार्ग पर व्यवस्थाएं संभालते हुए धावकों का उत्साहवर्धन किया। पूरे रूट पर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा, जिससे आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।
आगरा ताज हाफ मैराथन की पहली प्रोमो रन ने यह संदेश दिया कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी ने आयोजन को जनभागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली के उत्सव में बदल दिया।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
