मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की कथित टिप्पणी पर जताया कड़ा विरोध, माफी और स्पष्टीकरण की मांग
आगरा। अग्रवाल युवा संगठन (रजि.) के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा डॉ. आकाश अग्रवाल के संबंध में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान का ध्यान रखना आवश्यक है। वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति या समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।
राकेश अग्रवाल ने मंत्री से मांग की कि वह समय रहते इस प्रकरण पर अपना स्पष्टीकरण दें और यदि उनकी टिप्पणी से किसी की गरिमा को ठेस पहुंची है, तो उचित कदम उठाते हुए माफी मांगें।
उन्होंने कहा कि जिस वैश्य समाज के लोगों ने जनप्रतिनिधियों को समर्थन देकर सदन तक पहुंचाने में भूमिका निभाई, उसी समाज के सम्मान की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आवाज उठाना जानता है।
राकेश अग्रवाल ने कहा, “मैं डॉ. आकाश अग्रवाल के सम्मान के साथ खड़ा हूं। समाज का सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा हमारे लिए सर्वोपरि हैं। हम सम्मान से जीना जानते हैं और सम्मान के लिए आवाज उठाना भी जानते हैं। हमारे धैर्य को कमजोरी न समझा जाए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में भाषा की मर्यादा, आपसी सम्मान और सार्वजनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
