NCTE के दो दिवसीय आयोजन में 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी, NEP 2020 के तहत PUSHTI और MITRA के क्रियान्वयन पर मंथन
आगरा, 27 अक्टूबर। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE), शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय नेशनल कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ हुआ। खंदारी परिसर स्थित जय प्रकाश नारायण सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शिक्षकों से आजीवन सीखने, नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों की जिज्ञासा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, राष्ट्रीय शिक्षक व्यावसायिक मानकों (NPST) और राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन (NMM) के क्रियान्वयन को मजबूत करना है। इसमें उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
शिक्षक राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी: आनंदीबेन पटेल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि एक शिक्षक अनेक व्यक्तित्वों के निर्माण के साथ राष्ट्र के भविष्य को दिशा देता है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा में रटने के बजाय बुनियादी अवधारणाओं को सरल और प्रभावी तरीके से सिखाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण को औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। शोध, नवाचार और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति से ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है।
PUSHTI और MITRA पर होगा विशेष मंथन
NCTE अध्यक्ष प्रोफेसर पंकज अरोड़ा ने PUSHTI (NPST) और MITRA (NMM) की भूमिका पर प्रकाश डाला। कॉन्क्लेव में शिक्षक व्यावसायिक मानकों, डिजिटल प्रशिक्षण, मेंटरिंग व्यवस्था और शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की जा रही है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को भारतीय संस्कृति, कौशल विकास, रोजगार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
हुनर हाट में विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान और इंस्टीट्यूट ऑफ होम साइंस की ओर से हुनर हाट प्रदर्शनी लगाई गई। राज्यपाल ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार कंगन, मिट्टी के दीये और मंडला आर्ट की पेंटिंग की सराहना की तथा कुछ वस्तुएं खरीदीं।
कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर आशु रानी, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित शिक्षा जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।
पहले दिन के तकनीकी सत्रों में MITRA डिजिटल पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन, पंजीकरण, ऑनबोर्डिंग और मेंटरिंग प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया गया। आयोजन का लक्ष्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों को अधिक सक्षम बनाना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है।
TIMES OF TAJ | डिस्क्लेमर: यह समाचार आयोजकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
