रिपोर्ट- एस. मुनीर
अलीगढ़। सिलसिला कादरिया व चिश्तिया के प्रमुख बुजुर्ग, महान सूफी शायर और इल्म व इरफान के धनी हजरत नियाज बेनियाज शाह नियाज अहमद के 198वें उर्स मुबारक के मौके पर शहर अलीगढ़ में अकीदत व एहतराम के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हजरत नियाज बेनियाज शाह नियाज अहमद के 198वें उर्स मुबारक के मौके पर अलनियाज एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में सैयद कॉलोनी, सर सैयद नगर, अलीगढ़ स्थित खानकाह नियाजिया में फातिहा ख्वानी और महफिल-ए-नात व मनकबत का आयोजन किया गया। इस मौके पर नमाज-ए-अस्र के बाद फातिहा ख्वानी हुई, जबकि नमाज-ए-इशा के बाद नात व मनकबत की महफिल सजी। इसमें हजरत शाह नियाज अहमद का विशेष सूफियाना कलाम भी पेश किया गया। खास तौर पर यह कलाम पेश किया गया-
इश्क में तेरे कोह-ए-गम सर पे लिया, जो हो सो हो
ऐश व निशात-ए-जिंदगी छोड़ दिया, जो हो सो हो।
इस मौके पर पीर-ए-तरीकत डॉ. मोहम्मद अब्बास नियाजी ने अकीदतमंदों को हजरत शाह नियाज अहमद की हयात-ए-मुबारका और उनके रूहानी व इल्मी मकाम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कादरिया और चिश्तिया सिलसिलों के खूबसूरत और कामयाब मेल का नाम हजरत शाह नियाज अहमद है। यही वजह है कि शाह नियाज बेनियाज को गौस और ख्वाजा का जानशीन माना जाता है। आपको सिलसिला-ए-चिश्तिया के हजरत फखरुद्दीन देहलवी से बैअत, खिलाफत और जानशीनी हासिल हुई, जबकि सिलसिला-ए-कादरिया में औलाद-ए-गौस-ए-आजम हजरत शाह अब्दुल्ला बगदादी कादरी से खिलाफत और जानशीनी का शरफ प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आपकी विलायत, जानशीनी, दीनी फजीलत और इल्मी मकाम को तमाम सिलसिलों और खानकाहों ने स्वीकार किया। यहां तक कि आपको कुतुब-ए-आलम भी तस्लीम किया। आपकी रूहानियत आज भी हजारों मुर्दा दिलों को जिंदगी बख्श रही है और आपकी खानकाह से रूहानी फैज का सिलसिला लगातार जारी है।
पीर-ए-तरीकत डॉ. नियाजी ने बताया कि आपके वालिद-ए-माजिद हकीम इलाही शाह के नजदीक दीन इतना अजीज था कि तख्त व ताज भी उनके रास्ते की रुकावट नहीं बन सका। उन्होंने अंदीजान, बुखारा से तख्त व ताज को ठुकराकर दीन की तबलीग के लिए हिंदुस्तान का रुख किया और सरहिंद में कयाम फरमाया, जहां हजरत शाह नियाज अहमद की पैदाइश 1750 में हुई। आपके वालिद ने शाह नियाज अहमद को दीनी उलूम की तालीम हासिल करने के लिए दिल्ली में सिलसिला-ए-चिश्तिया के मशहूर आलिम-ए-दीन हजरत मौलाना फखरुद्दीन देहलवी की खिदमत में भेजा। उनके मदरसे में आपने कुरआन, हदीस, फिकह और मंतिक आदि की तालीम हासिल की और दस्तार-ए-फजीलत से सरफराज हुए। इसी दौरान आपकी लियाकत, काबिलियत और जहानत का चर्चा पूरे दिल्ली में फैल गया। बड़े-बड़े उलमा-ए-दीन और फुकहा आपसे फैज हासिल करने के लिए आपकी खिदमत में हाजिर होने लगे।
पीर-ए-तरीकत डॉ. मोहम्मद अब्बास नियाजी ने आगे कहा कि हजरत शाह नियाज अहमद ने लगभग 26 रिसाले तसनीफ फरमाए, जो आज भी अहल-ए-तसव्वुफ के लिए बेशकीमती इल्मी व रूहानी सरमाया और नायाब खजाना हैं। आपका एक दीवान भी प्रकाशित हुआ, जिसमें अरबी, फारसी, उर्दू और हिंदी भाषाओं का सूफियाना कलाम शामिल है। आपका कलाम दुनिया भर में न केवल पढ़ा जाता है, बल्कि बेहद पसंद भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि मशहूर क्लासिकल गायिका आबिदा परवीन ने भी आपके कई कलाम पेश किए हैं, जिन्हें दुनिया भर में पसंद किया गया। इनमें एक मशहूर कलाम यह है-
मुझे बेखुदी ये तूने भली चाशनी चखाई
किसी आरजू की दिल में नहीं अब रही समाई
न मकाम-ए-गुफ्तगू है न महल-ए-जुस्तजू है
न वहां हवास पहुंचे न खिरद को है रसाई
डॉ. नियाजी ने बताया कि हजरत शाह नियाज अहमद की काबिलियत, अहलियत, रूहानियत और तरीकत को देखते हुए हजरत मौलाना फखरुद्दीन देहलवी ने आपको अपना खलीफा और जानशीन नियुक्त किया और बरेली जाने का हुक्म दिया। बरेली पहुंचकर हजरत शाह नियाज अहमद ने मदरसे की स्थापना के साथ ही एक खानकाह की बुनियाद भी रखी। मदरसे के साथ खानकाह कायम करने का एक खास मकसद यह था कि लोगों के जाहिर के साथ उनके बातिन को भी मुनव्वर किया जाए। जहां मदरसे इंसान के जाहिर को दुरुस्त और संवारते हैं, वहीं खानकाह इंसान के बातिन की इस तरह इस्लाह कर सकती है कि वह दूसरों के लिए भी रोशनी का जरिया बन जाए।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मशहूर खानकाह नियाजिया में आज भी बड़ी तादाद में लोग बिना किसी मजहबी भेदभाव के अकीदत व एहतराम के साथ हाजिरी देते हैं और रूहानी फैज हासिल करते हैं। यह इस बात का सबूत है कि मदरसे के साथ खानकाह कायम करने का जो मकसद था, वह आज भी पूरा हो रहा है। हजरत शाह नियाज अहमद का विसाल 6 जमादिउस्सानी 1848 को बरेली में हुआ। आपको सिलसिला-ए-कादरिया और चिश्तिया का वास्तविक जानशीन माना जाता है। आपके सिलसिले में बैअत होने वाले अकीदतमंद अपने नाम के साथ नियाजी लिखते हैं।
इस मौके पर सूफियाना कलाम पेश किया गया। कार्यक्रम के अंत में फातिहा ख्वानी का आयोजन हुआ और देश में अमन-ओ-अमान, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
इस मौके पर अली जमन नियाजी, अली फखरी नियाजी, अली हसनैन नियाजी, सरवर अजीम नियाजी, हैदर अली नियाजी, करीम नियाजी, रूहान नियाजी, हाफिज फरकान नियाजी, आतिफ नियाजी, सफदर नियाजी, जाफर नियाजी आदि के अलावा बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
पीर-ए-तरीकत डॉ. नियाजी ने बताया कि हजरत शाह नियाज अहमद का 198वां उर्स मुबारक बरेली में बेहद शान-ओ-शौकत और अकीदत व एहतराम के साथ आयोजित किया जाएगा। आपका कुल शरीफ 6 जमादिउस्सानी 1448 हिजरी, यानी 17 नवंबर 2026 को मौजूदा जानशीन शाह मेहदी मियां चिश्ती कादरी नियाजी की कयादत और सरपरस्ती में आयोजित होगा।
