पहली महफिल का आगाज़ होगा जिक्र-ए-हल्का-ए-कादरिया से, गुजरात के कारीगरों ने दुल्हन की तरह सजाई दरगाह शरीफ
शोएब कादरी | एटा
एटा जनपद के मारहरा कस्बे में स्थित खानकाहे बरकातिया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स-ए-कासमी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 20 नवंबर से शुरू होकर 22 नवंबर तक चलने वाले इस उर्स को लेकर खानकाह और दरगाह शरीफ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस बार गुजरात से आए कारीगरों ने दरगाह शरीफ को दुल्हन की तरह सजाकर विशेष आकर्षण का केंद्र बना दिया है।
उर्स की पहली महफिल का आगाज जिक्र-ए-हल्का-ए-कादरिया से होगा। तीनों दिन विभिन्न धार्मिक एवं रूहानी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिरकत के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़े-बड़े उलेमा और मौलाना मारहरा शरीफ पहुंचेंगे।
यह उर्स खानकाह के अजीम बुजुर्ग हजरत सैयद शाह अबुल कासिम इस्माइल हसन उर्फ कासिम मियां की याद में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। खानकाहे बरकातिया के सज्जादानशीन सैयद नजीब हैदर नूरी ने बताया कि उर्स के दौरान तीनों दिन मजहबी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने जायरीन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उर्स की महफिलों में शिरकत करने की अपील की।
वहीं, खानकाहे बरकातिया के सज्जादानशीन सैयद मोहम्मद अमीन मियां कादरी की ओर से भी सभी अकीदतमंदों को उर्स में शामिल होने का पैगाम दिया गया है।

एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
उर्स-ए-कासमी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने एसडीएम सदर रविंद्र कुमार भी खानकाह पहुंचे। उन्होंने उर्स की तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उर्स के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह, लेखपाल श्याम बाबू, जामिया के प्रिंसिपल मौलाना इरफान अजहरी, शोएब नूरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
