आगरा। आगरा में जन्मीं, पली-बढ़ीं और शिक्षित तथा डीवीवीएनएल, आगरा से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती रेनू ‘अंशुल’ पौराणिक नारी पात्रों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण के स्वर को बुलंद कर रही हैं। उनके पौराणिक उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ के बाद अब उनका नया पौराणिक उपन्यास ‘उर्मिला – अयोध्या की मौन साधिका’ प्रलेक प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है।

उपन्यास का विमोचन गाजियाबाद में ‘कथा रंग’ जैसे प्रबुद्ध मंच से हुआ। विमोचन के दौरान देश के वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेयी, महेश दर्पण, बलराम, सुभाष चन्द्र, आलोक यात्री, हरियश राय और कमलेश भट्ट ‘कमल’ जी के अतिरिक्त अंशुल अग्रवाल और भारी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि रेनू ‘अंशुल’ पौराणिक नारी पात्रों को आज की नारी की शक्ति, धैर्य, त्याग और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। रेनू ‘अंशुल’ ने कहा कि ‘उर्मिला’ की यह कथा स्त्रियों को केवल देवी नहीं अपितु एक निर्णयकर्ता के रूप में देखने, सुनने और महसूस करने का आमंत्रण है।
