श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में रुक्मिणी मंगल विवाह का भावपूर्ण मंचन, शिशुपाल और रुक्मी का टूटा अभिमान; बुधवार को रक्तदान शिविर के साथ होगा महोत्सव का समापन
आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में मंगलवार को रुक्मिणी मंगल विवाह लीला का भव्य एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। विवाह उत्सव की शुरुआत वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के स्वरूपों को मेहंदी लगाने की रस्म से हुई। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं। मुख्य अतिथि डॉली बंसल ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके बाद लीला स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के दिव्य विवाह प्रसंग का मंचन हुआ। रुक्मिणी की अनन्य भक्ति, प्रेम और समर्पण की कथा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
नारद जी के मुख से श्रीकृष्ण की महिमा सुन मोहित हुईं रुक्मिणी
लीला के अनुसार विदर्भ के राजा भीष्म की पुत्री रुक्मिणी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। देवर्षि नारद से भगवान श्रीकृष्ण के रूप, सौंदर्य और दिव्य गुणों का वर्णन सुनकर रुक्मिणी ने मन ही मन उन्हें अपना जीवनसाथी स्वीकार कर लिया। लेकिन उनके भाई रुक्मी को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। वह अपनी बहन का विवाह राजा दमघोष के पुत्र शिशुपाल से कराना चाहता था।
ब्राह्मण के हाथ भेजा प्रेम संदेश, श्रीकृष्ण पहुंचे विदर्भ
भाई की इच्छा जानकर रुक्मिणी ने एक ब्राह्मण संदेशवाहक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण तक अपना परिणय संदेश पहुंचाया। रुक्मिणी की पुकार सुनकर श्रीकृष्ण विदर्भ की नगरी कुंडीनपुर पहुंच गए। वहां शिशुपाल के साथ शाल्व, जरासंध, दंतवक्त, विदुरथ और पौंड्रक जैसे राजा भी मौजूद थे। भगवान श्रीकृष्ण ने विरोधियों को परास्त कर रुक्मिणी को उनकी इच्छा के अनुसार अपने साथ ले लिया।
रुक्मी का अभिमान तोड़ा, द्वारिका में हुआ दिव्य विवाह
श्रीकृष्ण जब रुक्मिणी को लेकर द्वारिका की ओर बढ़े तो रुक्मी ने उनका रास्ता रोककर युद्ध की चुनौती दी। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने युद्ध में रुक्मी को पराजित किया। इसके बाद द्वारिकापुरी में परिजनों और संबंधियों की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी का विधिवत विवाह संपन्न हुआ।
इस प्रसंग के माध्यम से संदेश दिया गया कि सच्चा प्रेम, अटूट विश्वास और ईश्वर के प्रति समर्पण हर बाधा पर विजय प्राप्त कर सकता है।
रक्तदान शिविर के साथ होगा लीला महोत्सव का समापन
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि समिति के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में बुधवार को मानव सेवा के संकल्प के साथ लीला महोत्सव का विश्राम होगा। इस अवसर पर सुबह 10 बजे से लीला स्थल पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इससे पहले भगवान के स्वरूपों की विदाई और हवन होगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं और शहरवासियों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने की अपील की।
महिलाओं और गणमान्य लोगों ने की सहभागिता
मेहंदी की रस्म में डॉली बंसल, नेहा गुप्ता, ममता उपाध्याय, सुजाता अग्रवाल, निशि नेहरू, सलोनी नेहरू, शिप्रा गुप्ता, शिल्पी तिवारी, लता उपाध्याय, हेमा शर्मा, मंजू उपाध्याय और मीरा बघेल ने सहभागिता की तथा भगवान के स्वरूपों को मेहंदी लगाई।
लीला के दौरान महंत अनंत उपाध्याय, अतुल गुप्ता, अरुण उपाध्याय, विजय रोहतगी, अशोक गोयल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, मनोज बंसल, लक्ष्मण शर्मा, सूरज तिवारी, अनूप गोयल और विनीत सिंघल सहित अन्य लोगों ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारी।
डिस्क्लेमर: यह समाचार आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।
TIMES OF TAJ
