डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की डिजिशक्ति (DigiShakti) योजना के अंतर्गत डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा 24 नवंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, डॉ. एम.पी.एस. वर्ल्ड स्कूल, आगरा में टैबलेट वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमबीए एवं बीएड पाठ्यक्रमों के सत्र 2024–26 और 2025–27 के विद्यार्थियों को कुल 101 टैबलेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान मुख्य अतिथि तथा डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने स्मृति चिह्न भेंट कर अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. अनूप कुमार गोयल (निदेशक प्रशासन), डॉ. विक्रांत शास्त्री (निदेशक अकादमिक) तथा डॉ. एम.पी.एस. वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या सुश्री राखी जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए अवसर खुल रहे हैं और शैक्षणिक सामग्री तक उनकी पहुंच आसान हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट का सकारात्मक, रचनात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करते हुए अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एमबीए के विद्यार्थियों को 80 तथा बीएड के विद्यार्थियों को 21 टैबलेट प्रदान किए गए। टैबलेट प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए सरकार एवं संस्थान प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपनी पढ़ाई और भविष्य के व्यावसायिक विकास के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन साक्षी वार्ष्णेय ने किया। समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में पूजा चौधरी, नेहा खंडेलवाल, मिलिंद सक्सेना और हर्षिता अग्रवाल का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ने तथा शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
