हाथों में तख्ती लेकर बच्चों ने दिया सुरक्षित नारी – सुरक्षित समाज का संदेश

आगरा। ब्रेक साइलेंस, स्टॉप द वायलेंस’ का नारा लगाते हुए अखिल भारतीय महिला परिषद के नेतृत्व में ‘एक पहल पाठशाला’, दयालबाग में अखिल भारतीय महिला परिषद, नगर शाखा द्वारा आज सुबह वॉकथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने हिंसा मुक्त विश्व बनाने के लिए वॉकथन किया और हाथों में तख्ती लेकर सुरक्षित नारी और सुरक्षित समाज बनाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. अमित गौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक सुरक्षित नारी ही मजबूत परिवार और मजबूत समाज की नींव रखती है। हमें महिलाओं को हिंसा मुक्त समाज प्रदान करना ही होगा। परिषद की अध्यक्ष श्रीमती उमा सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. अमित गौड़ को उत्तरीय पहना कर और स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए परिषद की स्टैंडिंग कमेटी मेंबर डॉ. सरोज प्रशांत ने सभी बच्चों को कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रेरित किया और संदेश दिया कि महिलाओं को हिंसा मुक्त समाज दिया जाए।
तत्पश्चात एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया, जिसमें 100 से अधिक बच्चों ने सहभागिता दी। सरोज जी के आह्वान पर सबने एक दूसरे का हाथ पकड़कर चेन बनाई। इसके बाद वॉकथन को मुख्य अतिथि डॉ. अमित गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र द्वारा महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन हेतु मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय दिवस से जोड़कर आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया। बच्चों ने शांतिपूर्वक वॉकथन कर समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला परिषद, आगरा नगर शाखा की अध्यक्ष उमा सिंह, सचिव प्रेमलता मिश्रा, पूनम तिवारी, आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सुषमा सिंह, रजनी शर्मा, ममता खन्ना सहित विद्यालय की अध्यापिकाएँ और अभिभावक मौजूद रहे।
