जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह बोलीं– महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन होगा मजबूत, बूथ स्तर तक बढ़ाई जाएंगी जिम्मेदारियां
आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के रुनकता स्थित श्यामलाल इंटर कॉलेज में प्रबुद्ध जन महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, संगठनात्मक सशक्तिकरण और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान से पधारीं मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता मधु शर्मा (विस्तारक) ने महिलाओं को संबोधित करते हुए भाजपा की रीति-नीति, विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने और पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है और आने वाली योजनाएं भी महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देंगी।
सम्मेलन में आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना के तहत जिला आगरा के सभी मंडलों और बूथों पर महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही अधिक से अधिक महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने, उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन के माध्यम से महिला शक्ति को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाकर भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर ब्रज क्षेत्र महामंत्री रंजन पवार, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष उपमा गुप्ता, ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष मुन्नी देवी, क्षेत्रीय सदस्य सुनीता सारस्वत, प्रतिमा राणा, भावना वरदान शर्मा, रेनू चौहान, आशा अग्रवाल, राजेश्वरी बघेल, मंजू तोमर, विनोद कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
