कोई भी दवा सेवन से न छूटे, शाम को भी चलाया जाएगा अभियान; ग्राम प्रधान, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की हुई सराहना
हरदोई, । फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान की हकीकत जानने के लिए गुरुवार को केंद्रीय टीम ने हरदोई में मोर्चा संभाला। भारत सरकार और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के विशेषज्ञों की तीन टीमों ने कोथावां, अहिरोरी और बिलग्राम ब्लॉक के गांवों में पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया। टीमों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और दवा सेवन के महत्व के साथ बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए।
निरीक्षण के दौरान तीनों ब्लॉकों में अभियान का कार्य संतोषजनक पाया गया। टीम ने ग्राम प्रधानों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही स्पष्ट किया कि अभियान का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे।

कोथावां में ग्राम प्रधान की पहल बनी मिसाल
कोथावां ब्लॉक के कुर्सी गांव में केंद्रीय टीम ने सामुदायिक सहभागिता का जायजा लिया। एनसीवीबीडीसी भारत सरकार, दिल्ली के सीनियर सीएमओ डॉ. सुदर्शन मंडल, नेशनल लीड सोमनाथ बनर्जी, आरओएचएफडब्ल्यू उत्तर प्रदेश के आरडी डॉ. जुल्फिकार अहमद सहित अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

टीम ने ग्राम प्रधान मिथलेश कुमार की सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की। वह माइकिंग के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ दवा लेने से मना करने वाले लोगों को समझाकर अभियान से जोड़ रहे हैं। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण तथा प्रभावी जनसंपर्क की भी सराहना की गई।

अहिरोरी में घर-घर पहुंच और हाउस मार्किंग पर जोर
अहिरोरी ब्लॉक के खड़ाखेड़ा गांव में टीम बी ने पिछले दिन की गतिविधियों की समीक्षा की। पाथ के डिप्टी डायरेक्टर एवं टीम लीड डॉ. अमरेश कुमार, डब्ल्यूएचओ के डॉ. मनजीत, पीसीआई के डॉ. ध्रुव सहित अन्य सदस्यों ने घर-घर दवा सेवन की स्थिति का आकलन किया।
टीम ने आशा कार्यकर्ताओं को हाउस मार्किंग में सुधार, प्रत्येक घर तक प्रभावी पहुंच और दवा सेवन की प्रक्रिया मजबूत करने के लिए मौके पर ही आवश्यक सुझाव दिए।
बिलग्राम में शाम को भी पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
बिलग्राम ब्लॉक के हैबतपुर और बिंदौरी गांवों में भी केंद्रीय टीम ने अभियान का निरीक्षण किया। टीम लीड डॉ. कमलाकर, डब्ल्यूएचओ स्टेट लीड डॉ. तनुज, स्टेट वीबीडी डॉ. जितेंद्र और सीफार संस्था के प्रसून द्विवेदी ने फील्ड गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान एसीएमओ वीबीडी डॉ. सुरेंद्र कुमार और जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र यादव ने बताया कि गांवों में टीमों का काम संतोषजनक मिला। उन्होंने कहा कि खेतों में काम करने वाले मजदूरों, बाहर नौकरी या काम पर जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को दिन में घर पर न मिलने की स्थिति में शाम को जाकर दवा खिलाने का सुझाव दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अभियान से छूटने न पाए।
स्वास्थ्य विभाग का संदेश साफ है—फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन जरूरी है। अभियान की सफलता तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति निर्धारित दवा का सेवन करे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
