पानी अल्लाह की बड़ी नेमत और अमानत है, इसका बर्बाद करना बंद करें : खतीब
आगरा। मस्जिद नहर वाली के खतीब मुहम्मद इकबाल ने जुमे की नमाज से पहले अपने खुतबे में पानी की लगातार घटती उपलब्धता और बढ़ते संकट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दुनिया की लड़ाई तेल के लिए नहीं, बल्कि पानी के लिए होगी। इसलिए हर व्यक्ति को पानी की अहमियत समझनी होगी और इसे बर्बाद करने से बचना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया की करीब 18 प्रतिशत आबादी रहती है, जबकि दुनिया के कुल मीठे पानी का केवल 4 प्रतिशत हिस्सा ही भारत के पास है। ऐसे में पानी हमारे लिए अल्लाह की बहुत बड़ी नेमत और अमानत है।
खतीब मुहम्मद इकबाल ने बताया कि वर्ष 1951 में देश में हर व्यक्ति के हिस्से में सालाना 5000 घन मीटर से अधिक पानी उपलब्ध था, जो वर्ष 2021 में घटकर केवल 1486 घन मीटर रह गया। एक तरफ आबादी बढ़ रही है और दूसरी तरफ पानी के स्रोत कम होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में करीब 60 करोड़ लोग पानी की कमी और दबाव का सामना कर रहे हैं। दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई सहित 21 बड़े शहरों पर भी पानी के गंभीर संकट का खतरा बताया गया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ लोग कई किलोमीटर दूर से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ हम पाइप लगाकर गाड़ियां धोते हैं, घरों के बाहर पानी छिड़कते हैं और नहाने तथा वुजू करने में जरूरत से ज्यादा पानी बहाते हैं। कई जगह नल खराब होने के कारण पानी लगातार बहता रहता है, लेकिन लोग उसे ठीक कराने की जरूरत भी नहीं समझते।
उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी भी एक तरह का इसराफ है। कुरान में अल्लाह का साफ आदेश है कि खाओ-पियो, लेकिन फिजूलखर्ची मत करो, क्योंकि अल्लाह फिजूलखर्ची करने वालों को पसंद नहीं करता। (सूरह अल आराफ : 31)
खतीब ने कहा कि पानी की कीमत उन लोगों से पूछिए, जिन्हें रोजाना कई किलोमीटर दूर से बाल्टी और घड़ों में पानी लाना पड़ता है। आज हम एक बटन दबाते हैं और नल से पानी आने लगता है, लेकिन वह दिन भी आ सकता है जब नल से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलेगी।
उन्होंने नमाजियों से अपील की कि आज से ही पानी बचाने का संकल्प लें। जरूरत के मुताबिक ही पानी इस्तेमाल करें, खराब नलों को तुरंत ठीक कराएं और नहाने, वुजू तथा घर के दूसरे कामों में पानी का कम से कम इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि पानी बचाना केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी है।
