हरियाणा और जयपुर होते हुए अजमेर पहुंचेगा काफिला, सूफी खानकाह एसोसिएशन ने दिया कौमी एकता और भाईचारे का पैगाम
नई दिल्ली। कलियर शरीफ से अजमेर शरीफ तक निकाली जाने वाली ऐतिहासिक छड़ियों की यात्रा महरौली से हरियाणा के लिए रवाना हो गई। यह यात्रा जयपुर होते हुए आगामी 10 दिसंबर को विश्व प्रसिद्ध दरगाह ख्वाजा गरीब नवाज, अजमेर शरीफ पहुंचेगी।
सूफी खानकाह एसोसिएशन के फुकरा मंडल के राष्ट्रीय महासचिव सूफी अफजाल साबरी उर्फ अकबर अली शाह मलंग की सरपरस्ती में यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा का नेतृत्व सरदार सोनू साबरी कर रहे हैं।
इस अवसर पर सूफी अफजाल साबरी ने एसोसिएशन की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रीय एकता अभियान के तहत आपसी प्रेम, भाईचारे और कौमी यकजहती का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सूफी परंपरा हमेशा से इंसानियत, मोहब्बत और आपसी सद्भाव का पैगाम देती रही है। छड़ियों की यह यात्रा भी इसी साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। 10 दिसंबर को अजमेर शरीफ पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
