नासिक जिले के सप्तश्रृंग गढ़ घाट इलाके में रविवार को एक कार 600 फुट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार यह हादसा शाम चार बजे हुआ। मृतक निफाड़ तालुका के पिंपलगांव बसवंत के निवासी थे।
टोयोटा इनोवा वाहन में कुल सात यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान कीर्ति पटेल (50), रसीला पटेल (50), विट्ठल पटेल (65), लता पटेल (60), वचन पटेल (60) और मणिबेन पटेल (70) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
स्थानीय उप कलेक्टर और जिला आपदा प्राधिकरण के सीईओ रोहित कुमार राजपूत ने बताया कि पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन समिति के कर्मियों की मदद से बचाव अभियान जारी है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे बेहद दुखद घटना करार दिया और मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

