हज़ारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने भी की सेवा
आगरा।आस्था, भक्ति और सेवा की त्रिवेणी के संगम में सोमवार को प्राचीन श्री मनःकामेश्वरनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित हुआ वार्षिक भंडारा महोत्सव, जो देर रात तक चलता रहा।
इस विशाल आयोजन में 30 हज़ार से अधिक भक्तों ने श्रद्धाभाव से पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर प्रांगण भक्तिमय धुनों, बैंड-बाजे और “हर हर महादेव” के जयघोषों से गुंजायमान रहा। विदेशी पर्यटक भी इस आयोजन के साक्षी बने और भारतीय भंडारा परंपरा के आतिथ्य, अनुशासन और समरसता का अनुभव किया।
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने स्वयं प्रसाद परोसकर भक्तों की सेवा की और कहा —
“श्री मनकामेश्वर मंदिर आगरा की आस्था का केंद्र है। यहाँ का यह भंडारा सामाजिक एकता और सेवा भावना का श्रेष्ठ उदाहरण है।”
तिलकायत श्रीमहंत योगेश पुरी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने का माध्यम है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि लगभग 30 हज़ार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवकों का अद्भुत समर्पण देखने को मिला।
साप्ताहिक अवकाश के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। विद्यालय के बच्चों को भी जोड़ा गया ताकि वे भारतीय संस्कृति में अतिथि सत्कार की परंपरा को समझ सकें।
सामाजिक एकता और विविधता का संदेश
इस आयोजन की विशेषता रही कि अन्य धर्मों के प्रमुख और उनके अनुयायियों ने भी प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
मौलाना उजेर आलम, हाजी आफाक अहमद, मोहम्मद अतीक सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कहा कि यह आयोजन धर्म नहीं, बल्कि इंसानियत का उत्सव है।
महिला शक्ति एवं बाल सहभागिता
व्यवस्थाओं में श्री मनकामेश्वर महिला मंडल की सदस्याएँ — दीप्ति गर्ग, भावना अग्रवाल, निर्मल गोस्वामी, पायल, दुर्गेश, शिप्रा, नीलिमा, अन्ना, शिमला, सोनू, सविता, रीता, सुषमा रानी — ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री मनकामेश्वर बाल विद्यालय के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ये रहे उपस्थित
सुधीर यादव, बंटी ग्रोवर, उपमा गुप्ता, राजेश गोयल, संजीव चौबे, डॉ. हरेंद्र, पुष्कल गुप्ता, उत्तम सिंह, सोनू दिवाकर, राहुल चतुर्वेदी, पवन समाधिया, विजय गुप्ता, राजकुमार खंडेलवाल, अमर गुप्ता, स्वामी सदाशिव, मौलाना उजेर आलम, हाजी आफाक अहमद, मोहम्मद अतीक, रविन्द्र सिंह राणा, कुलदीप ठाकुर, नव गजानन गोस्वामी, अनूप यादव आदि गणमान्य व्यक्तित्वों ने उपस्थिति दर्ज की।
राष्ट्रीय खिलाड़ी अंशिका (जूडो) और शिवानी (ताइक्वांडो) ने भी भक्ति सेवा में सहभागिता की।

