फर्रुखाबाद। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भोजपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों को मतदाता शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि छात्रों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों को अत्यंत सरल, सारगर्भित और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा मताधिकार का अधिकार दिया गया है, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता पर निर्भर करती है। मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और अद्यतन होगी, लोकतंत्र उतना ही सशक्त होगा। इस क्रम में उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे सभी युवाओं के मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनवाएं।

जिलाधिकारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को पूरी तरह नहीं समझ पाएंगे। देश की नीतियां और नागरिक अधिकार सीधे तौर पर मतदान से जुड़े होते हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से आह्वान किया कि वे मतदान के दिन घरों से निकलकर अनिवार्य रूप से मतदान करें, ताकि योग्य और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का चयन हो सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप एवं एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत पाण्डेय, अपर उप जिलाधिकारी सदर, तथा जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

