विशाखापट्टनम/यलमंचिली। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार देर रात एर्नाकुलम एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर यलमंचिली के पास हुआ, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन की दो बोगियां आग की चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना रात करीब 12:45 बजे मिली, जिसके बाद रेलवे और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय एक कोच में 82 यात्री, जबकि दूसरे कोच में 76 यात्री सवार थे। समय रहते अधिकांश यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, बी1 कोच से एक शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

