नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में नेतृत्व के स्तर पर एक नए अध्याय की औपचारिक शुरुआत हो गई है। सोमवार को संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया के बाद नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने विधिवत रूप से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच से सभी नेताओं ने नितिन नबीन को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ युवा नेतृत्व को भी बढ़ावा मिलेगा। भाजपा के लिए यह बदलाव आने वाले चुनावी दौर से पहले रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

