आगरा। उत्तर प्रदेश कला मंच एवं रामा फिल्म्स के संयुक्त तत्वावधान में स्क्रीन एक्टिंग वर्कशॉप “सफर ज़ीरो से किरदार तक 2.0” का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्कशॉप 17 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगी।
इस वर्कशॉप का निर्देशन प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं फिल्म निर्देशक तलत उमरी (BNA Alumni) द्वारा किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य नवोदित एवं इच्छुक कलाकारों को कैमरे के सामने अभिनय की बारीकियाँ सिखाना तथा थिएटर से स्क्रीन तक के अभिनय के अंतर को समझाना है।
वर्कशॉप निर्देशक तलत उमरी द्वारा हाल ही में निर्देशित फिल्म “डिपस्टिक (DIPSTICK)” को निर्मल पांडे स्मृति फिल्म फेस्टिवल, ओडिशा, चलचित्रम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, गुवाहाटी (असम) तथा खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में ऑफिशियल सेलेक्शन प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व उनकी फिल्में “ए ग्लास ऑफ वॉटर” एवं “जस्ट अपोज़िट” को दर्शकों का भरपूर प्रेम मिल चुका है।
तलत उमरी अब आगरा के नए कलाकारों के साथ फिल्म निर्माण की योजना बना रहे हैं। इसी दिशा में यह वर्कशॉप पहला चरण है, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को स्क्रीन अभिनय की बुनियादी समझ और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर रामा फिल्म्स के निर्देशक एवं लाइन प्रोड्यूसर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि आगरा शहर में अब थिएटर और फिल्म निर्माण का माहौल तेजी से विकसित हो रहा है, तथा आने वाले दिनों में कई फिल्मों की शूटिंग भी आगरा में प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय कलाकारों को नए अवसर मिलेंगे।
आयोजकों के अनुसार, वर्कशॉप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली कलाकारों को आगामी फिल्म प्रोजेक्ट्स में कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
यह कार्यशाला सूरसदन, आगरा में आयोजित होगी। इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए 9690703044 पर संपर्क कर सकते हैं।

