द्वितीय ऑल इंडिया होम्योपैथिक कांग्रेस में प्रस्तुत होंगे उच्च स्तरीय शोध और वैज्ञानिक अध्ययन
आगरा। ताजनगरी आगरा एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर चमकने जा रही है। होम्योपैथिक चिकित्सा जगत के दिग्गज चिकित्सक 10–11 जनवरी 2026 को आगरा में जुटेंगे, जहां होम्योपैथी के आधुनिक शोध, नवाचार और वैज्ञानिक अध्ययनों पर देशभर के विशेषज्ञ अपने महत्वपूर्ण शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन आगरा को चिकित्सा अनुसंधान की नई ऊर्जा और राष्ट्रीय पहचान प्रदान करेगा।
आयोजन का उद्घोषणा समारोह आवास विकास स्थित सेल्फी रेस्टोरेंट में मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के जॉइंट सेक्रेटरी जनरल डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने बताया कि विगत दिनों कोलकाता में आयोजित एनईसी बैठक में आइडियल होमियोपैथिक वेल्फेयर ऑर्गनाइजेशन द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि द्वितीय ऑल इंडिया होम्योयोपैथिक कांग्रेस इस वर्ष आगरा में आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हरीपर्वत स्थित एमडी जैन आचार्य शांति सागर सभागार में होगा। इसकी तैयारियों को लेकर आयोजन समिति सक्रिय हो गई है।
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि ये आगरा के लिए गौरव की बात है कि आइडियल होमियोपैथिक वेल्फेयर ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जे. एन. सिंह रघुवंशी ने आगरा के विश्व रिकॉर्डधारी होम्योपैथिक चिकित्सक व संगठन के जॉइंट सेक्रेटरी जनरल डॉ. पार्थसारथी शर्मा को आयोजन सचिव नियुक्त किया है। उन्होंने आगे कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए लीडर्स आगरा को सहयोगी संस्था के रूप में जोड़ा गया है।
स्वागत समिति के अध्यक्ष एवं अहिंसा ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर रोहित जैन ने कहा कि होम्योपैथी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है और इस महत्वपूर्ण कांग्रेस के माध्यम से देशभर के विद्वान चिकित्सकों का स्वागत करना गौरव का विषय है।
यह राष्ट्रीय कांग्रेस होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति में शोध, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टि को नई दिशा प्रदान करने वाला होगा।
इस अवसर पर डॉ चारु शुक्ला, डॉ पीयूष शर्मा, डॉ आर्यमन शर्मा, हरिकांत शर्मा आदि उपस्थित रहे।

