प्रयागराज। डीएलएड (D.El.Ed) द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की अप्रैल–मई में प्रस्तावित परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन पत्र समय से भरवाए जाएं।
जारी निर्देशों के अनुसार, प्रशिक्षु अभ्यर्थी 15 अप्रैल तक अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से भर सकेंगे। इस संबंध में 2 अप्रैल को सभी डायट प्राचार्यों को औपचारिक आदेश भेजा गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन समय सीमा के भीतर पूर्ण कराना संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी होगी। साथ ही अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या से बचा जा सके।

