आगरा। नगर निगम ने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। अब नागरिकों को प्रमाणपत्र के लिए निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे। आवेदन ऑनलाइन करने के बाद प्रमाणपत्र सीधे आवेदक के मोबाइल पर उपलब्ध होगा। अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा पूरे प्रदेश में उपलब्ध कराने वाला पहला नगर निगम आगरा है।
पहले निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर केवल प्रमाणपत्र बनवाना, उसमें संशोधन कराना और अस्पताल से प्राप्त प्रमाणपत्र में नाम जोड़ने की सुविधा थी। आवेदन के बाद नागरिक को एसएमएस द्वारा सूचना दी जाती थी और प्रमाणपत्र उसी लॉगिन अकाउंट में उपलब्ध होता था, जिसे आवेदन के समय बनाया गया था।
नई सुविधा के तहत प्रमाणपत्र पूरी तरह डिजिटल रूप में सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होगा। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि आवेदन करने पर आवेदक को एप्लीकेशन नंबर मिलेगा, जिससे वह ऑनलाइन प्रगति भी देख सकेगा। अगर आवेदन में कोई कमी पाई जाती है, तो उसे विभाग ऑनलाइन ही सुधार देगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और संशोधन ऑनलाइन ही आवेदक को मिल जाएगा।

