लखनऊ/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी 18 अप्रैल तक एक विशेष मिस्ड कॉल अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत मतदाताओं को एक विशेष मोबाइल नंबर (9667173333) पर मिस्ड कॉल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अभियान में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, छात्राओं की सहायता से लोगों को जोड़ने का कार्य करेंगी। पार्टी का लक्ष्य इस माध्यम से बड़ी संख्या में नए मतदाताओं का डाटा बैंक तैयार करना है। अनुमान के अनुसार इस अभियान से लगभग 20 लाख नए नाम पार्टी के डेटाबेस में शामिल किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, मिस्ड कॉल देने वाले लोगों के मोबाइल नंबरों पर पार्टी की ओर से समय-समय पर चुनावी अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की उपलब्धियों से संबंधित संदेश एवं पत्र भेजे जाएंगे। साथ ही, इन लोगों से फीडबैक लेने की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि जनसंपर्क को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
पार्टी इस अभियान के जरिए न केवल डिजिटल और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है, बल्कि आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक ढांचे को भी और सशक्त बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
इसी बीच, संसद के आगामी सत्र में 16 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। इस विधेयक के पारित होने के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे महिला प्रतिनिधित्व में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

