आगरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से हज़रत जलाल बुखारी दरगाह पर चादरपोशी कर विशेष दुआ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अल्पसंख्यक विभाग के शहर अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस मौके पर दरगाह पर प्रियंका गांधी की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए दुआ की गई। कार्यक्रम के दौरान मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देश में भाईचारे, संविधान की मजबूती और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की कामना भी की।
चादरपोशी के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा देश की उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जो हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं, अल्पसंख्यकों और कमजोर तबकों की आवाज़ पूरी मजबूती से उठाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का राजनीतिक संघर्ष संवेदना, साहस और संविधान की रक्षा के संकल्प से जुड़ा हुआ है। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला उन्हें लंबी उम्र और देश की सेवा के लिए और अधिक ताक़त प्रदान करे।
इस अवसर पर शायद अहमद, शेखू मेव, फैजल मेवाती, तौहीद खान, उजैर खान, हसनीन सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अमन, भाईचारे और देश की तरक्की की दुआ के साथ किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और निडर नेतृत्व उन्हें जनता के बीच खास बनाता है, और पार्टी को आने वाले समय में उनके मार्गदर्शन में नई ऊर्जा मिलेगी।

