लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे से हो रही लगातार मौतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद नाराज़ नजर आए। उन्होंने उच्च अधिकारियों की बैठक में सख़्त लहजे में सवाल किया कि बैन के बाद भी बाजार में चाइनीज मांझा आखिर कैसे बिक रहा है?
सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज मांझे की बिक्री पर तत्काल और पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है, तो उसे दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक समेत सभी पुलिस प्रमुखों को जिलेवार छापेमारी करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
दरअसल, सरकार द्वारा बैन लगाए जाने के बावजूद प्रदेश में चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री धड़ल्ले से जारी है। बीते एक साल में इससे कम से कम 8 लोगों की मौत हो चुकी है।
ताज़ा मामला बुधवार को राजधानी लखनऊ का है, जहां एक एमआर का चाइनीज मांझे से गला कट गया। मौके पर ही वह तड़पता रहा और इलाज से पहले ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
सीएम योगी ने इस तरह की घटनाओं को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

