झाँसी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झाँसी दौरे के दौरान बिहार और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव नतीजों ने साबित कर दिया है कि जनता अब जंगलराज, कट्टा राज और परिवारवाद को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।
मौर्य ने कहा कि “बूथ लूटकर देश और प्रदेश को लूटना अब संभव नहीं।”
उन्होंने दावा किया कि यूपी में बीजेपी को रोकना अखिलेश यादव के बस की बात नहीं है, क्योंकि वे राहुल गांधी के रास्ते पर चल पड़े हैं।
डॉक्टरों के दिल्ली ब्लास्ट में शामिल होने पर चिंता
डिप्टी सीएम ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट की साजिश में डॉक्टरों के शामिल होने की खबर चिंताजनक है।
“पढ़े‑लिखे लोग अगर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होंगे, तो उनका हाल वही होगा जो देश के दुश्मनों का होना चाहिए।”
लालू परिवार पर सीधा वार
लालू यादव परिवार में उठते विवाद पर केशव मौर्य ने कहा—
“परिवारवाद के अंत की शुरुआत हो चुकी है। यूपी में मुलायम सिंह यादव का परिवार बिखर चुका, अब बिहार में भी वही शुरुआत दिख रही है।”
बिहार में अखिलेश से मुलाकात का जिक्र
अखिलेश यादव से अपनी हालिया मुलाकात पर मौर्य ने चुटकी ली—
“अखिलेश पूछ रहे थे—लड्डू कब खिलाओगे?
हमने कहा था 14 को।
अब मैं उन्हें खोज रहा हूँ… न्योता दे रहा हूँ—आएँ, रसगुल्ला और लड्डू दोनों खिलाएँगे।”
SIR मुद्दे पर राहुल गांधी पर तंज
SIR के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों और राहुल गांधी की टिप्पणी पर उन्होंने कहा—
“राहुल ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया और 6 सीटों पर सिमट गए।
हमने उन्हें कहा था—तालाब में कूदो या नदी में, तेजस्वी और अखिलेश को लेकर कूदो।”
डिप्टी सीएम के बयानों से झाँसी का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया और उनके हमले सीधे तौर पर विपक्ष को निशाने पर लेते हुए दिखाई दिए।

