आगरा। जनपद आगरा में लगातार बढ़ रही शीतलहर एवं घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर जनपद के कक्षा 01 से 08 तक के समस्त विद्यालयों में 2 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिभावकों और विद्यार्थियों को समय रहते अवकाश की सूचना उपलब्ध कराएं।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से आगरा सहित पूरे क्षेत्र में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों को सर्दी से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

