फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग पर कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार दो मासूम सगे भाइयों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए आधा नीचे लटक गया, जिससे मौके पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, गांव आजमनगर निवासी रंजीत यादव के 11 वर्षीय बेटे अनुराग और 9 वर्षीय अनमोल एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। बुधवार को स्कूल से लौटते समय उनकी साइकिल खराब हो गई थी। दोनों भाई साइकिल ठीक कराने ढमडेरा गांव गए थे। साइकिल ठीक होने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी ढमडेरा बंबा पुलिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद डंपर अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए आधा नीचे बंबा में लटक गया और आधा सड़क पर अटक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर चालक सोनू (निवासी कानपुर) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायलों की हालत गंभीर
परिजन दोनों बच्चों को तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। बच्चों की मां सोनी भी मौके पर पहुंच गईं।
चालक भी घायल, खुद को बताया निर्दोष
हादसे में डंपर चालक सोनू भी घायल हो गया, जिसे पुलिस की मदद से CHC कायमगंज में भर्ती कराया गया। चालक का कहना है कि बच्चे अचानक बिना संकेत दिए मुड़ गए थे, जिन्हें बचाने के प्रयास में डंपर अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। उसने खुद को निर्दोष बताया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्राइम इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह के अनुसार, चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

