संवाद – तौफ़ीक़ फारुकी
फर्रुखाबाद। जिले में मंदिर और चर्च में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान, अवैध हथियार और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुशवाहा और बबलू कुशवाहा निवासी हाथीखाना, कोतवाली फतेहगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, 2,625 रुपये नकद और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि 3 दिसंबर की रात फतेहगढ़ स्थित भारत माता मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार और दानपात्रों के ताले तोड़कर करीब 10 हजार रुपये चोरी किए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा, 30 नवंबर को कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में स्थित सीएनआई चर्च में भी चोरी हुई थी। चोरों ने चर्च का ताला तोड़कर एमरॉन कंपनी की बैटरी चुरा ली थी। इस मामले में भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर टीम ने संयुक्त छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पंकज कुशवाहा पर 10 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि बबलू शर्मा उर्फ बबलू जोशी पर भी 8 मुकदमे चल रहे हैं। दोनों के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में मामले दर्ज हैं।
सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने कहा कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

