नई दिल्ली, हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत एक समारोह का आयोजन जामिया मिल्लिया इस्लामिया के हिंदी विभाग और बैंक ऑफ बड़ौदा के संयुक्त तत्वावधान में टैगोर हॉल में किया गया| कार्यक्रम में बड़ौदा मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा स्नातकोत्तर हिन्दी में सर्वाधिक अंक लाने के लिए विभुम शुक्ला और आश्रुति पटेल को प्रशस्ति-पत्र और क्रमश: रु.11000 और रु.7500 राशि देकर सम्मान किया गया|

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो.नीरज कुमार ने कहा कि भाषा का महत्व इसके प्रयोग से होता है| प्राय: समाज में प्रभाव प्रदर्शित करने के लिए उस भाषा का प्रयोग करते हैं, जो प्रभावी मानी जाती है| उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा का विरोध नहीं किया जाना चाहिए चाहे वह बड़ी हो या छोटी| एक व्यक्ति द्वारा बोली जाने वाली भाषा का भी उतना ही महत्व होता है, जितना करोड़ों लोगों द्वारा बोली जाने वाली भाषा का |

बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक एवं उपक्षेत्रीय प्रमुख ओ.पी. वीरेंद्र सिंह ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हमारा बैंक हमेशा विश्वविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करता आया है| इसी क्रम में विश्वविद्यालयों के हिन्दी विभाग के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की यह योजना है| उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा के संस्थापक महाराजा गायकवाड ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को विदेश अध्ययन के लिए वजीफा दिया था|
कार्यक्रम में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आशुभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया| प्रतियोगिता में हिमांक द्विवेदी, महफूज अली और खुशी खातून ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया| साथ ही, केशव प्रताप सिंह राजपूत और सिप्तैन हैदर ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया| विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और बैंक ऑफ बड़ौदा की तरफ से प्रति विद्यार्थी एक हज़ार रुपये का ई-वाउचर दिया गया| प्रतियोगिता के निर्णायक विभाग के अध्यापक डॉ. अनिल कुमार, डॉ. गणपत तेली और डॉ. आलमगीर थे|
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मुकेश कुमार मिरोठा ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा की यह योजना कई वर्षों से हमारे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है और हम आशा करते हैं कि भविष्य में ऐसी और योजनाएं आएंगी| कार्यक्रम का संचालन सुश्री नूरी निशात, प्रबंधक, राजभाषा विभाग, बैंक ऑफ बड़ौदा ने किया| कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सक्रिय उपस्थित रही |

