लखनऊ। प्रदेश में संचालित ब्लड बैंकों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे रक्त की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। विभिन्न जिलों के कुल 54 ब्लड बैंकों पर छापेमारी कर जांच की गई।
जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 10 ब्लड बैंकों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। वहीं, अन्य जिन ब्लड बैंकों में कमियां मिली हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
सबसे अधिक कार्रवाई आगरा में की गई, जहां पांच ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक लगी है। इसके अलावा प्रयागराज में दो ब्लड बैंक बंद किए गए।
इन ब्लड बैंकों पर लगी रोक:
- आगरा: आगरा चैरिटेबल ब्लड बैंक, जय हिंद चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लाइफ लाइन चैरिटेबल ब्लड सेंटर, श्री बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, श्री जगदंबा चैरिटेबल ब्लड सेंटर
- प्रयागराज: हरदेव तिवारी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, एसजीएस चैरिटेबल ब्लड सेंटर
- हाथरस: जय मां कैला देवी चैरिटेबल ब्लड सेंटर
- गोरखपुर: मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर
- जालौन: दारशी चैरिटेबल ब्लड सेंटर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और मानकों का पालन न करने वाले ब्लड बैंकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

