देशभर की 80 से अधिक शाखाओं के 8 हजार सदस्य मैदान में, आगरा के सीडब्ल्यूई कार्यालय पर कर्नल अनुष कोशी को सौंपा ज्ञापन
आगरा। एमईएस (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज) निर्माण कार्यों से जुड़ी वर्षों पुरानी नीतिगत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एमईएस बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने बुधवार से देशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का शुभारंभ कर दिया। देशभर की 80 से अधिक शाखाओं के लगभग 8,000 सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों के एमईएस कार्यालयों में ज्ञापन सौंपकर सरकार और रक्षा मंत्रालय का ध्यान लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
आगरा में आंदोलन की शुरुआत सदर स्थित सीडब्ल्यूई आगरा एवं सीडब्ल्यूई खेरिया आगरा कार्यालय से हुई, जहां एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कर्नल अनुष कोशी को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
एसोसिएशन का कहना है कि एमईएस निर्माण कार्यों से जुड़े अनेक नियम दशकों पुराने हैं, जिन्हें वर्तमान तकनीकी आवश्यकताओं और व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुरूप संशोधित नहीं किया गया है। इसके कारण ठेकेदारों एवं बिल्डर्स को निर्माण कार्यों के दौरान कई प्रशासनिक और व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संगठन के अनुसार, शीर्ष अधिकारियों के समक्ष कई बार समस्याएं उठाने और लगातार पत्राचार के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी.एस. मग्गो ने कहा कि एमईएस बिल्डर्स लंबे समय से निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं तथा पुराने नियमों में संशोधन की मांग कर रहे हैं। रक्षा मंत्री सहित संबंधित शीर्ष अधिकारियों से कई दौर की वार्ता और लगातार पत्राचार के बावजूद अब तक कोई सार्थक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। यदि सरकार और संबंधित विभाग ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर देशभर के बिल्डर्स कार्य बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए भी बाध्य होंगे।
एसोसिएशन के महासचिव संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन की विस्तृत रणनीति पहले से तैयार कर ली गई है। प्रथम चरण में देशभर के एमईएस कार्यालयों में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इसके बाद विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए सरकार और संबंधित विभाग तक अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। यदि इसके बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले चरण में और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी.एस. मग्गो, चेयरमैन सी.एम. सक्सेना, सेक्रेटरी ए.के. उपाध्याय, काउंसिल सदस्य विनीत गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, जे.जे. सिंह, तपन माखीजा, एस.एम. सक्सेना, प्रभात अग्रवाल, अमीन खान, राजीव सोलंकी, राकेश चौधरी, जगदीश अरोड़ा, किशोर हीरा, मोहित कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

