फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में हुए जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में एसओजी/सर्विलांस, थाना नारखी, थाना पचोखरा एवं थाना रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक की पत्नी को भी साजिश में शामिल पाए जाने पर सहअभियुक्ता के रूप में हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज और सलमान के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त सूरज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरी, मृतक सौरभ का मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा दो तमंचे (315 बोर) जिंदा व खोखा कारतूस सहित बरामद किए हैं।
सबसे सनसनीखेज खुलासा अभियुक्तों की निशानदेही पर हुआ, जब मृतक का कटा हुआ सिर एक बोरवेल से बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सौरभ की पत्नी और अभियुक्त सूरज के बीच प्रेम संबंध थे। इसी अवैध संबंध के चलते सौरभ की हत्या की साजिश रची गई और इस जघन्य वारदात को मृतक की पत्नी, उसका प्रेमी सूरज और सलमान ने मिलकर अंजाम दिया।
गौरतलब है कि 11 जनवरी 2026 को थाना नारखी क्षेत्र के ग्राम जारखी में पूर्व ग्राम प्रधान जयवीर सिंह के ट्यूबवेल पर एक व्यक्ति का सिर कटा शव (धड़) मिला था, जिसकी पहचान सौरभ के रूप में हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी फिरोजाबाद ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर चार पुलिस टीमों का गठन किया था, जिसके परिणामस्वरूप यह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

