महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सौनीर इलाके में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी किरण सूरज धाधे (29) की आत्महत्या ने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। किरण ने कथित तौर पर कीटनाशक खाकर खुदकुशी की थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चार दिनों तक जीवन से संघर्ष करने के बाद उनकी मौत हो गई।
शादी, धोखाधड़ी और टूटी उम्मीदें
साल 2020 में किरण ने स्वप्निल जयदेव लमघरे से शादी की थी। परिवार के अनुसार, स्वप्निल ने शादी से पहले किरण और उसके भाई को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था। आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाली किरण ने इस भरोसे पर शादी के लिए हामी भरी थी।
लेकिन जल्द ही उन्हें पता चला कि यह वादा झूठ था—न नौकरी, न प्रयास; सबकुछ धोखा।
मानसिक प्रताड़ना और शोषण का सिलसिला
शादी के बाद स्वप्निल का व्यवहार और भी हिंसक होता गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार—
-
वह किरण पर मानसिक दबाव बनाता था,
-
अनचाहे संबंधों की मांग करता था,
-
इनकार करने पर तलाक की धमकियाँ देता,
-
और अक्सर फोन पर गाली-गलौज कर उसे अपमानित करता था।
तंग आकर किरण अपने मायके लौट आईं और उन्होंने उसके भेजे गए धमकी भरे संदेश भी सबूत के तौर पर सहेज कर रखे।
परिवार के समझाने पर किरण ने पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी देने की तैयारी भी शुरू कर दी थी।
4 दिसंबर की सुबह, सब खत्म हो गया
गुरुवार, 4 दिसंबर की सुबह किरण ने कथित तौर पर कीटनाशक खा लिया।
हालांकि परिवार उसे तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन लगातार बिगड़ती हालत ने आखिरकार उसे जीवन से दूर कर दिया।
प्रतिभाशाली खिलाड़ी, टूटी जिंदगी
किरण विश्वविद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में अपनी शानदार उपलब्धियों के लिए जानी जाती थीं।
लेकिन आर्थिक दबाव, व्यक्तिगत धोखाधड़ी और वैवाहिक शोषण ने उनकी प्रतिभा को एक त्रासदी में बदल दिया।
आरोपी पर मामला दर्ज, पुलिस की तलाश जारी
परिवार की शिकायत पर सौनीर पुलिस ने स्वप्निल जयदेव लमघरे के खिलाफ
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 — आत्महत्या के लिए उकसावा
के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी फिलहाल फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।

