
विवेक बंसल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में अगले 100 दिनों के दौरान 30 से अधिक “संविधान संवाद” महापंचायतों का आयोजन करेगी। इसके तहत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में भी एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा, रोजगार, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
कांग्रेस के 100 दिन के प्रमुख कार्यक्रम
1. संविधान संवाद महापंचायत:
राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ प्रदेशभर में 30 से अधिक महापंचायतों के माध्यम से योगी सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा।
2. मनरेगा बचाओ संग्राम:
मनरेगा को कांग्रेस की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए बंसल ने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनआंदोलन करेगी। पार्टी की मांग है कि मनरेगा मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी ₹400 प्रतिदिन तय की जाए।
3. एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन):
मतदाता सूची की निगरानी के लिए सांसदों, विधायकों और पूर्व जनप्रतिनिधियों की मॉनिटरिंग कमेटी बनाई गई है। एक माह के भीतर कटे हुए और छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
4. पंचायत चुनाव 2026:
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत चुनाव 2026 में पूरी ताकत के साथ अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।
5. सेवा और बलिदान के 140 वर्ष:
कांग्रेस स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर पूरे वर्ष गोष्ठियों और कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी के संघर्ष और बलिदान की विरासत को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
6. एमएलसी चुनाव 2026:
नवंबर 2026 में होने वाले विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस पूरी मजबूती से उतरेगी। अब तक स्नातक निर्वाचन के लिए लगभग 80 हजार और शिक्षक निर्वाचन के लिए 32 हजार मतदाता जोड़े जा चुके हैं। आगरा स्नातक सीट से रघुराज सिंह पाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
7. रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली:
प्रदेशभर में संविधान संवाद कार्यक्रमों के बाद लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक विशाल महारैली आयोजित की जाएगी।
8. संगठन सृजन:
बीते 9 महीनों में प्रदेश में 9 हजार मंडलों का गठन और लगभग 1.5 लाख बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए बंसल ने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत कांग्रेस द्वारा लगभग 1 लाख बीएलए नियुक्त किए गए हैं, जो संगठन की जमीनी ताकत का प्रमाण है।
प्रियंका गांधी का जन्मदिन उत्साह से मनाया गया
पत्रकार वार्ता के बाद राजा मंडी स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में प्रियंका गांधी का जन्मदिन केक काटकर धूमधाम से मनाया गया।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने कहा कि प्रियंका गांधी की करुणा, साहस और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे।

