रिपोर्ट: तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद के नाला मच्छरट्टा क्षेत्र में सोमवार को एक पुराने मकान का प्लास्टर अचानक गिर गया। इस हादसे में मकान में बैठी राजेश्वरी वर्मा (पत्नी स्व. विनोद कुमार वर्मा) घायल हो गईं। राजेश्वरी अपने पुत्र अभिषेक वर्मा के साथ इस पुश्तैनी मकान में रहती हैं।
राजेश्वरी वर्मा ने बताया कि उनके मकान की दीवार के कारण पड़ोसी से विवाद कई महीनों से चल रहा था। उनका आरोप है कि इस विवाद के चलते उनका वर्षों पुराना मकान लगातार कमजोर होता गया, जो इस दुर्घटना का मुख्य कारण बना।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी ने उनके मकान की दीवार में कटिंग कर अपनी हिस्से की दीवार बढ़ा ली है। उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज कराईं और समझौता भी हुआ, लेकिन पड़ोसी ने निर्माण कार्य रोकने का पालन नहीं किया। जब राजेश्वरी ने अपनी दीवार बनाने का प्रयास किया, तो पता चला कि पड़ोसी ने दीवार पर आरसीसी डाल दिया है, जिससे वे अपनी दीवार का निर्माण नहीं कर पा रही हैं।
राजेश्वरी ने बताया कि मकान में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं। पुराना मकान अब कमजोर हो गया है और लेंटर गिरने के बाद कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका है। उन्होंने मजबूरी में गाटर लगाकर और अस्थायी सहारे देकर मकान को किसी तरह सुरक्षित रखा है, लेकिन स्थिति अभी भी खतरे से खाली नहीं है।

