कासगंज। चैत्र नवरात्रि और ईद-उल-फितर जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री आँचल चौहान के साथ कस्बा कासगंज में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस टीम ने शहर के संवेदनशील मोहल्लों, प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। साथ ही चामुंडा देवी मंदिर परिसर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में पर्वों को संपन्न करें।
इस मौके पर अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि मंदिरों और दुर्गा प्रतिमा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

