मांझी/बिहार | Times of TAJ Digital Desk
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में चुनावी रैली के दौरान ‘महागठबंधन’ पर तीखा प्रहार किया है। मांझी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी गठबंधन को तंज कसते हुए “अंजे, पंजे, गंजे” करार दिया और जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
गडकरी ने कहा कि बिहार में विकास की रफ्तार ‘डबल इंजन सरकार’ की वजह से तेज हुई है। उन्होंने कहा —
“आज बिहार सरकार और दिल्ली की सरकार, यह डबल इंजन पूरी ताकत के साथ बिहार के विकास के लिए काम कर रही है। हमारी राजधानी एक्सप्रेस पूरी गति से चल रही है। चुनाव के दिन आपका एक ही काम है — हरा झंडा दिखाना।”
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव चिह्न ‘तीर’ पर बटन दबाने से विपक्ष का पूरा गठबंधन साफ हो जाएगा।
“तीर के निशान पर बटन दबाइए, ऐसा करंट लगेगा कि ‘अंजे, पंजे, गंजे’ गायब हो जाएंगे।” — गडकरी ने कहा।
गडकरी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमाने की संभावना है। NDA इसे विकास और स्थिर शासन का चुनाव बता रहा है, जबकि महागठबंधन इसे बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय मुद्दों की लड़ाई कह रहा है।
चुनाव प्रचार के इस दौर में बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप और तेज़ होने की उम्मीद है।

