लखनऊ | Times of TAJ
प्रदेश में कड़ाके की ठंड को देखते हुए मदरसा शिक्षा परिषद ने सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। परिषद ने 1 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक 10 दिन का शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही वर्ष 2026 का अवकाश कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है।
प्रदेश में कुल 16,460 मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित हैं, जिनमें 560 मदरसे सरकारी अनुदान प्राप्त हैं। रमजान माह के 18 फरवरी से शुरू होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए मदरसों में वार्षिक अवकाश 16 फरवरी से 30 मार्च 2026 तक निर्धारित किया गया है।
कैलेंडर के अनुसार ईद पर चार दिन, बकरीद पर पांच दिन, मुहर्रम पर पांच दिन, जबकि शब-ए-बरात और ईद मिलादुन्नबी पर दो-दो दिन का अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त ख्वाजा गरीब नवाज का उर्स, हजरत अली जयंती, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, मेराजुन्नबी, होली, महावीर जयंती, डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा, रक्षाबंधन, चेहल्लुम, विजयादशमी, महात्मा गांधी जयंती, दीपावली, गुरुनानक जयंती, ग्यारहवीं शरीफ और क्रिसमस पर भी मदरसे बंद रहेंगे।
मदरसा प्रबंधक को तीन और प्रधानाचार्य को दो विशेष अवकाश स्वीकृत करने का अधिकार दिया गया है। इसके अलावा शिक्षकों व कर्मचारियों को 14 दिन का आकस्मिक अवकाश देय होगा।

