चीन में एक हृदयस्पर्शी सच्ची प्रेम कहानी ने लोगों का दिल जीत लिया है। यहां एक महिला ने उस शख्स से शादी की, जिसने उसे बचपन में विनाशकारी भूकंप के दौरान मौत के मुँह से बाहर निकाला था। 15 साल बाद यह अनोखी कहानी एक खूबसूरत अंजाम तक पहुँची है।
2008 का भूकंप और चमत्कारिक बचाव
दुल्हन लियू झिमेई और दूल्हे लियांग झिबिन की कहानी 2008 के भयावह वेनचुआन भूकंप से शुरू होती है। उस समय लियांग सिर्फ 22 साल के युवा सैनिक थे और बचाव दल के साथ मौके पर भेजे गए थे।
लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लियांग और उनकी टीम ने मलबे में दबी 11 वर्षीय लियू झिमेई को जिंदा बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया।
इलाज के बाद लियू अपने परिवार के साथ हुनान के झूझोउ में रहने लगीं और धीरे-धीरे बचाव करने वाले उस सैनिक की धुंधली यादें भी समय की रेत में दब गईं।
2020 में हुआ चमत्कारिक पुनर्मिलन
कहानी में मोड़ तब आया जब 2020 में लियू अपनी मां के साथ चांग्शा के एक रेस्तरां में बैठी थीं। तभी उनकी मां ने अचानक एक शख्स को देखते ही पहचान लिया — वह लियांग झिबिन थे!
लियू ने हिम्मत जुटाकर लियांग से बात की और इतने वर्षों बाद दोनों का पुनर्मिलन हुआ।
इसके बाद लियू ने लियांग को सोशल मीडिया पर जोड़ा और बातों का सिलसिला शुरू हो गया। बातचीत के दौरान लियू को महसूस हुआ कि यह रिश्ता सिर्फ कृतज्ञता नहीं, बल्कि सच्चे प्यार में बदल चुका है। अंततः उसने ही लियांग के सामने अपने दिल की बात रखी।
प्यार की नई शुरुआत, शादी में बदला रिश्ता
लियांग भी लियू की ईमानदारी, सरलता और सकारात्मक व्यक्तित्व से बेहद प्रभावित हुए और उन्हें “मेरी जिंदगी की रोशनी” बताया।
परिवारों की सहमति के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
इनकी शादी की तस्वीरें और पूरी कहानी चीनी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। लोग इसे “किस्मत की लिखी प्रेम कहानी”, “सच्ची परीकथा” और “धन्यवाद से शुरू हुआ प्यार” बता रहे हैं।

