प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्नफर्रुखाबाद: पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत कृषि विभाग द्वारा लाभार्थियों को प्रोत्साहन प्रदान करने से हुई। श्यामचरण (भूलनपुर चिरपुरा, कमालगंज) और प्रदीप कुमार (जिठौली, राजेपुर) को 10 लाख रुपये मूल्य के कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी सौंपी गई, जिस पर 4 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। मत्स्य विभाग के लाभार्थी को मोपेड की चाबी तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तहत 5 लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई।
प्रभारी मंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार फर्रुखाबाद के प्रमुख स्थलों का गाइड मैप जारी किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंत्री को हर्बल गुलाल भेंट किया। स्किल इंडिया प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आईटीआई फर्रुखाबाद के विद्यार्थियों को 2 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के दो लाभार्थियों को आवास की चाबी भी सौंपी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 226 स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि रेनू और रूपा को 5.65 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।इसके अतिरिक्त सोलर पंप योजना के 3 लाभार्थियों, वृद्धावस्था पेंशन के 5 लाभार्थियों तथा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 2 बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए, वहीं कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को मूंग बीज मिनी किट प्रदान की गई।समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशप्रभारी मंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में बी रैंक आने पर स्वयं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि ने कन्या सुमंगला योजना के प्रचार-प्रसार में कमी की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इटावा-बरेली हाईवे की पुनः जांच के लिए समिति गठित करने तथा कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।मंत्री ने जानकारी दी कि पर्यटन विभाग “नींव करौरी सर्किट” विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है, जो लखनऊ और दिल्ली से जुड़कर क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— टाइम्स ऑफ ताज

