नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज दो दिन की महत्वपूर्ण भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पुतिन 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। कल उनकी मुलाक़ात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निर्धारित है, जिसमें दोनों नेता अनेक सामरिक, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस उच्चस्तरीय यात्रा के दौरान भारत और रूस के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और मीडिया सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में औपचारिक भोज का आयोजन करेंगी। यह दौरा दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व को अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करने तथा विशिष्ट सामरिक साझेदारी को और मजबूती देने का अवसर प्रदान करेगा।
भारत और रूस के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन को द्विपक्षीय संबंधों का सर्वोच्च संवाद तंत्र माना जाता है। अब तक 22 शिखर सम्मेलनों का सफल आयोजन बारी-बारी से दोनों देशों में हो चुका है।

