आगरा। कल्सी इनिशिएटिव के तत्वावधान में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में मिशन शक्ति की थीम ‘सेल्फ डिफेंस’ विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मसुरक्षा के आवश्यक कौशल सिखाना रहा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, डॉ. किरन कश्यप (सचिव, आइसस्टॉक स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश) का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसी क्रम में मीनाक्षी कल्सी, वंशिका कल्सी और आरुषि कल्सी को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. किरन कश्यप और उनकी टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि —
“आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास का प्रतीक है।”
टीम ने छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर — 1098, 181, 112, 1090, 1076 और 1930 — की जानकारी दी तथा इनका प्रयोग करने की प्रक्रिया भी समझाई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) एके सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता की भावना को प्रबल करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को आत्मरक्षा के गुर सीखने चाहिए ताकि वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या राखी जैन ने डॉ. किरन कश्यप और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। आत्मरक्षा के कौशल न केवल सुरक्षा का साधन हैं, बल्कि सशक्त और आत्मनिर्भर नारी के निर्माण का मार्ग भी हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की सभी शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। छात्राओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए उत्साह और कृतज्ञता व्यक्त की।

