‘मियां’ समुदाय को लेकर कड़ा रुख, अवैध बांग्लादेशी बताकर काम पर रोक की बात
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनके सत्ता में रहते तथाकथित ‘मियां’ लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और उन्हें राज्य छोड़ने के लिए मजबूर किया जाएगा।
सीएम सरमा ने आरोप लगाया कि ये लोग अवैध रूप से बांग्लादेश से आए हैं और राज्य की जनसांख्यिकी, संसाधनों तथा कानून-व्यवस्था पर असर डाल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे लोगों को काम करने की अनुमति नहीं देगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की पहचान, संस्कृति और सुरक्षा की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और अवैध प्रवासियों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
सरमा के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने बयान को विवादास्पद और विभाजनकारी बताते हुए आलोचना की है, जबकि सत्तारूढ़ दल इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून के दायरे में जरूरी कदम बता रहा है।

