आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित सेकेंडरी लेवल की अंतरसदनीय गणित चैलेंज प्रतियोगिता में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। प्रथम चरण में लिखित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की गणितीय समझ का आकलन किया गया, जबकि द्वितीय चरण में प्रश्नोत्तरी के जरिए उनकी तर्कशक्ति और समस्या-समाधान क्षमता की परीक्षा ली गई। दोनों ही चरणों में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
विद्यालय के वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थी मंथन गोयल, देव पूनिया एवं अभिनव यादव ने सामूहिक प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की ओर से विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में हर्षोल्लास का वातावरण रहा। विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए. के. सिंह ने विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गणित जैसे विषय में अंतरसदनीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना यह दर्शाता है कि विद्यालय के विद्यार्थी तार्किक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर स्वयं को सिद्ध करने में सक्षम हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, समर्पण और शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी आगे भी शैक्षणिक और प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में विद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, गौरवेंद्र वशिष्ठ सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।

