आगरा, ताजमहल में 15, 16 एवं 17 जनवरी को आयोजित होने वाले वार्षिक उर्स के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्स कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उर्स के दौरान चादरपोशी की व्यवस्था, जायरीनों एवं पर्यटकों के सुरक्षित और सुगम प्रवेश, सुरक्षा प्रबंध, यातायात तथा भीड़ नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), ताज सुरक्षा, पर्यटन थाना, ताजगंज थाना सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
बैठक में उर्स के दौरान ताजमहल में प्रवेश व्यवस्था को लेकर निम्न निर्णय लिए गए—
15 जनवरी (उर्स का प्रथम दिन): दोपहर 2:00 बजे से ताजमहल आम पर्यटकों के लिए निःशुल्क रहेगा।
16 जनवरी (द्वितीय दिन): जुमे की नमाज के कारण प्रथम शिफ्ट में केवल नमाजियों को प्रवेश मिलेगा, अन्य जायरीनों के लिए दोपहर 2:00 बजे से प्रवेश की अनुमति होगी।
17 जनवरी (तृतीय व अंतिम दिन): सुबह से शाम तक पूरे दिन ताजमहल आम पर्यटकों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।
बैठक में सीआईएसएफ कमांडेंट वी.के. दुबे, सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा) पीयूष कांत राय, सहायक कमांडेंट आर.के. शुक्ला, जेपी सिंह, आर.के. त्रिपाठी, एएसआई सहायक अधीक्षक आर.के. सिंह, सीए प्रिंस बाजपेई, तनुज शर्मा, दिलीप कुमार शर्मा, विकास कुमार, थाना ताजगंज प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही, थाना ताज सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी, पर्यटन थाना प्रभारी रूबी सिंह, पुलिस चौकी ताजमहल प्रभारी विकास कुमार, क्विक रिस्पांस टीम प्रभारी शिवराज सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उर्स कमेटी की ओर से इब्राहिम जैदी, ताहिरुद्दीन ताहिर, इकबाल अहमद, आरिफ तैमूरी, वाहिद, जुगनू जाफरी, हाजी असीम बेग सहित सभी पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक में सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।

